
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा (गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर द्वारा प्रस्तावित कैंडल मार्च रविवार को शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर-4 से डीएम चौक तक निकाले जाने वाले मार्च में शामिल होने पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से सेक्टर-53 स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय पहुंचा दिया।पार्टी नेताओं का कहना है कि यह मार्च लोकतांत्रिक अधिकारों, शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया था। निर्धारित समय से पहले ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई।इसी दौरान महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता, जो अपनी पत्नी के इलाज के सिलसिले में सेक्टर-135 स्थित एक अस्पताल गए थे, उन्हें भी पुलिस अपने साथ लेकर सेक्टर-6 ले गई। बाद में उन्हें अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर-53 स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचाया गया।पार्टी का आरोप है कि कैंप कार्यालय के बाहर भी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन न हो सके। इसके बावजूद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर के भीतर कैंडल जलाकर लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया।महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उनका आरोप था कि यदि शांतिपूर्ण कैंडल मार्च को भी रोका जाता है तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी।महानगर महासचिव विकास यादव ने कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण था, इसके बावजूद कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। उनके अनुसार पार्टी युवाओं, छात्रों और आम जनता के अधिकारों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।पार्टी के मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने भी कैंडल मार्च पर रोक को लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई से कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर नहीं होगा और जनहित के मुद्दों पर पार्टी की आवाज आगे भी बुलंद रहेगी।कार्यक्रम में मोहम्मद तसलीम, बबली शर्मा, शालिनी खारी, वीरपाल प्रधान, लोकेश यादव, विनोद यादव, ओमपाल राणा, राणा मुखर्जी, अमित भाटी, रंजन, मुन्ना आलम, अमित बसोया, बाबूलाल बंसल, नेहा पांडे, तनवीर हुसैन, मोहित यादव, ओसामा, वीर बहादुर, अमित कुमार, सुभाष, श्याम, बबलू चौहान, राघवेंद्र दुबे, उदय सिंह, दीपक, संजय यादव, वीरेंद्र पहलवान, नरेश सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
