
NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं समाजसेवी भगवत प्रसाद शर्मा को नई दिल्ली में आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मान समारोह में “डॉक्टरेट की मानद उपाधि (Honorary Doctorate)” और “लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार से मान्यता प्राप्त “साहित्य सेवा अवार्ड काउंसिल” की ओर से शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और सांस्कृतिक जागरण के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए प्रदान किया गया।
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों, कलाकारों और अन्य क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभिनेता शहबाज़ ख़ान रहे। वहीं, लेखक एवं फिल्म निर्देशक इक़बाल दुर्रानी, शिक्षा निदेशालय दिल्ली के प्रवक्ता अजय तिवारी, डॉ. महेश शर्मा (डीडीओ/ईडीयू–आरटीओ) तथा शिक्षा विभाग के पूर्व उपनिदेशक ऋषि पाल राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ वैदिक मंगलाचार और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। आयोजन के दौरान शिक्षा, संस्कृति, साहित्य, समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि यह सम्मान उन लोगों को समर्पित है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि भगवत प्रसाद शर्मा का शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के प्रति समर्पण उन्हें इस सम्मान का पात्र बनाता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद भगवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि वह वर्षों से साहित्य, सामाजिक गतिविधियों और जनजागरण के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय संस्कारों को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी साहित्यिक और सामाजिक साधना का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, मानवीय मूल्यों का संवर्धन तथा युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
उन्होंने इस सम्मान को व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा से जुड़े सभी कर्मयोगियों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और राष्ट्रहित में और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की नई प्रेरणा देगा।
