NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT NOIDA GREATER ,NOIDA EXPRESSWAY

गांवों और सेक्टरों को ई-सिटी बस सेवा से जोड़ने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में ग्राम विकास संगठन NOIDA के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने NOIDA SECTOR 6 नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर OSD अरविंद कुमार सिंह और क्रांति शेखर को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा।ग्राम विकास संगठन के संयोजक डीपी चौहान ने कहा कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास बसे गांवों और सेक्टरों को अब तक ई-सिटी बस सेवा से नहीं जोड़ा गया है, जबकि यह क्षेत्र नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में शामिल हैं। उन्होंने मांग की कि इन क्षेत्रों के निवासियों को भी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने अधिकारियों को बताया कि रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, सुलतानपुर, नंगली शाखपुर, नंगली नंगला, नंगली वाजिदपुर, छपरौली, दोस्तपुर मंगरौली, याकूबपुर, दल्लूपुरा, मोहियापुर, गुलावली, झट्टा, बादोली, कामबक्सपुर, कोंडली और गढ़ी समस्तीपुर सहित कई गांवों तथा सेक्टर-126 से 135 और सेक्टर-151 से 168 तक के क्षेत्रों को ई-सिटी बस सेवा के निर्धारित रूटों में शामिल नहीं किया गया है।उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से इन गांवों और सेक्टरों के निवासी ग्राम चौपालों, जनसुनवाई कार्यक्रमों और ‘नोएडा आपके द्वार’ जैसे आयोजनों में लगातार सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाते रहे हैं। अब जबकि शहर के विभिन्न हिस्सों में ई-सिटी बस सेवा शुरू हो चुकी है, तब भी एक्सप्रेसवे क्षेत्र के गांवों और सेक्टरों को इससे वंचित रखा जाना स्थानीय निवासियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार है।अशोक चौहान ने कहा कि जिन ग्रामीणों की भूमि पर नोएडा का विकास हुआ, उन्हीं गांवों को बुनियादी परिवहन सुविधा से दूर रखना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि सभी गांवों और सेक्टरों को जोड़ते हुए नए रूट निर्धारित कर ई-सिटी बस सेवा का विस्तार किया जाए।ज्ञापन मिलने के बाद ओएसडी अरविंद कुमार सिंह और क्रांति शेखर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक (सिविल) एसपी सिंह को पत्र भेजकर संबंधित गांवों और सेक्टरों को ई-सिटी बस सेवा से जोड़ने की प्रक्रिया पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि प्रस्ताव का परीक्षण कर जल्द सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित यह मांग जल्द पूरी होगी और एक्सप्रेसवे क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
