NOIDA JURNALIST PRAMOD DIXIT
NOIDA SECTOR-100 स्थित लोटस एस्पेशिया क्लब हाउस में रविवार को ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित ‘

सीनियर सिटीजन्स प्रोग्राम’ में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के अनुभव, ज्ञान और संस्कारों को सम्मान देना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। आयोजन के दौरान आध्यात्मिक विचारों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से सकारात्मक जीवन जीने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पंकज माथुर ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार भारत में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की संख्या 10.38 करोड़ थी और बढ़ती जीवन प्रत्याशा के साथ यह संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा, “जिसके पास अनुभव का धन है, वही जीवन में सबसे अधिक सम्पन्न है।” कार्यक्रम में बी.के. आशीष ने ‘पुण्यों का खाता’ विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि जीवन में छोटी-छोटी अच्छी आदतें, क्षमा और दूसरों के लिए निकली दुआएँ ही सच्ची पूंजी होती हैं। वहीं बी.के. सुचित्रा ने राज कपूर का प्रसिद्ध गीत “किसी की मुस्कुराहट पे दिल निसार” प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल बना दिया। इस दौरान बी.के. रितु ने मूल्य आधारित गतिविधियों का आयोजन कराया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता बी.के. लीना ने कहा कि यदि व्यक्ति “जो हुआ, अच्छा हुआ – ड्रामा कल्याणकारी है” की भावना को अपनाए तो मानसिक तनाव और बोझ से काफी हद तक मुक्त हो सकता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन भी करवाया और कहा कि जब बाहरी दुनिया का शोर बढ़ता है, तब अंतर्मन की शांति सबसे बड़ा सहारा बनती है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को ‘ओल्ड इज गोल्ड’ प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रमाण-पत्र में उन्हें समाज की आधारशिला बताते हुए उनके ज्ञान, अनुभव और संस्कारों की सराहना की गई। बुजुर्गों ने इस सम्मान को स्नेहपूर्वक स्वीकार किया और आयोजन के प्रति खुशी जताई। समापन पर सभी ने प्रसाद ग्रहण किया तथा एक-दूसरे से मिलकर खुशियाँ साझा कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
