Noida journalist Pramod Dixit
NOIDA भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर द्वारा जिला अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में अग्रसेन भवन में आयोजित दो दिवसीय “

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान
का रविवार को सफल समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यशैली, राष्ट्र निर्माण में भाजपा की भूमिका तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और चुनावी दृष्टि से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा 365 दिन और 24×7 कार्य करने वाली पार्टी है, जहां एक चुनाव समाप्त होते ही अगले विजय अभियान की तैयारी शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का अनुशासित और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। नकवी ने कहा कि आज देश के 22 राज्यों और लगभग 78 प्रतिशत भूभाग में भाजपा अथवा भाजपा समर्थित सरकारें कार्य कर रही हैं। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ कठोर और निर्णायक नीति पर आगे बढ़ रहा है। नवम सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर नीति का विरोध करते हुए भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी और “एक देश, एक विधान, एक संविधान” के लिए बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 और 35A को समाप्त कर भाजपा ने डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया। उन्होंने जनसंघ से भाजपा तक के संघर्ष, अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व और वर्ष 2014 के बाद भाजपा के लगातार विस्तार की यात्रा पर भी प्रकाश डाला। साथ ही अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर को राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया। दशम सत्र में पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी राजा वर्मा ने “देश के समक्ष चुनौतियां” विषय पर बोलते हुए कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है और देश को आतंकवाद, कट्टरवाद तथा देश विरोधी शक्तियों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए जल संरक्षण, वृक्षारोपण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सौर ऊर्जा को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत ही देश की चुनौतियों का स्थायी समाधान है। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, कांता कर्दम, नवाब सिंह नागर, बिमला बॉथम, ब्रजेंद्र नागर, सुषमा सिंह, कैप्टन विकास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
