नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने नोएडा जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए पशुओं में इस्तेमाल होने वाली सिरिंज मंगाई जा रही हैं, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। अखिलेश यादव ने कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का उदाहरण है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार को घेरते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर सिर्फ दावे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “इंसान को इंसान नहीं समझ रही सरकार।” उनके इस बयान ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चल रही बहस को और तेज कर दिया है। अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पतालों में जरूरी संसाधनों की कमी है और मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। इस मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है, जबकि अभी तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। नोएडा जिला अस्पताल से जुड़ा यह मामला प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। अब यह देखना होगा कि सरकार इस पर क्या कदम उठाती है और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए क्या ठोस प्रयास करती है।