नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर में राजस्थान कल्याण परिषद द्वारा गणगौर स्थापना कार्यक्रम श्रद्धा और परंपरा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और पदाधिकारियों ने विधि-विधान से गणगौर की स्थापना कर पूजा-अर्चना की।
आयोजकों ने बताया कि गणगौर पर्व के तहत अगले 16 दिनों तक महिलाएं गौर और ईशर की पूजा करेंगी। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 16 दिनों के बाद गणगौर महोत्सव के दिन विधिवत विदाई समारोह का आयोजन किया जाएगा।
गणगौर स्थापना के अवसर पर परिषद के अध्यक्ष दिनेश माहेश्वरी सहित महेंद्र शाह, अरविंद सोनी, पवन शर्मा, अरविंद बैद, जी सी माहेश्वरी, एन के मालपानी, के सी गुप्ता, अनिल जैन, विश्वनाथ पारीक, जी सी पारीक, प्रदीप गर्ग, पारूल माहेश्वरी सहित कई महिला सदस्यों ने पूजा-अर्चना में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने समाज में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। राजस्थान कल्याण परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य होता है।