
फरीदाबाद।
हरियाणा के फरीदाबाद में एक डॉक्टर के किराए के कमरे से 360 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट, असॉल्ट राइफल और कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर का नाम आदिल अहमद है, जो जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले का रहने वाला है। आदिल को 7 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हिरासत में लिया था। पूछताछ में उसने फरीदाबाद में रखे विस्फोटक की जानकारी दी थी।
जानकारी के मुताबिक, आदिल ने करीब तीन महीने पहले फरीदाबाद के धौज गांव में एक कमरा किराए पर लिया था, लेकिन वह वहां खुद नहीं रहता था। उसने केवल अपना सामान रखने के लिए वह कमरा लिया था।
फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले 15 दिनों से हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई चल रही थी। इस दौरान एक अन्य डॉक्टर मुजम्मिल शकील को भी गिरफ्तार किया गया है, जो फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी डॉक्टरों से पूछताछ जारी है और बरामद विस्फोटक की जांच फॉरेंसिक टीम द्वारा कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।
📰 प्रमोद दीक्षित, उप संपादक — समय संदेश टाइम्स