
नोएडा संवाददाता – प्रमोद दीक्षित
नोएडा, 31 अक्टूबर।
समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर द्वारा सेक्टर-53 स्थित कैंप कार्यालय पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और महान समाजवादी विचारक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने दोनों नेताओं के जीवन दर्शन, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में किए गए अतुल्य योगदान पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि “सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, कठोर अनुशासन और दूरदृष्टि से देश को एक सूत्र में बाँधने का कार्य किया। आज का दिन राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में हमें यह याद दिलाता है कि भारत की एकता और अखंडता सर्वोपरि है।”
विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान और मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने कहा कि “आचार्य नरेंद्र देव समाजवाद के ऐसे स्तंभ थे जिन्होंने समानता, न्याय और भाईचारे को राजनीति का आधार बनाया। उनके विचार आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं।”
इस मौके पर पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के विचारों को अपनाने का संकल्प लिया और कहा कि समाजवादी विचारधारा ही देश में सच्ची एकता और सामाजिक संतुलन कायम कर सकती है।
कार्यक्रम के दौरान रंजन कुमार को सपा नोएडा महानगर का सचिव मनोनीत किया गया, जिनका सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का संचालन महानगर महासचिव विकास यादव ने किया। इस अवसर पर विकास यादव, बबलू चौहान, गौरव कुमार यादव, वीरपाल प्रधान, बबली शर्मा, लोकेश यादव, टीटू यादव, राघवेंद्र दुबे, अंकुर पहलवान, कृपा शंकर यादव, संजीत यादव, सोनू त्यागी, अशरफ अंसारी, बाबा जयवीर, विपिन चौहान, सौरभ मौर्य, राज यादव, सतबीर यादव, प्रहलाद सिंह और रंजन कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सरदार पटेल की एकता की भावना और आचार्य नरेंद्र देव के समाजवादी विचारों का संगम देखने को मिला — जिससे यह संदेश गया कि सपा केवल राजनीति नहीं, विचार और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ा रही है।