
नोएडा संवाददाता – प्रमोद दीक्षित
नोएडा, 27 नवंबर 2025।
कार्तिक शुक्ल षष्ठी के पावन अवसर पर सांस्कृतिक छठ पूजा समिति, निमी बिहार, नयागांव, सेक्टर-89, नोएडा (गौतमबुद्धनगर) द्वारा चार दिवसीय छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया गया। घाटों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र श्रद्धा, आस्था और भक्ति से गूंज उठा।
सायंकाल के समय जब अस्त होते भगवान भास्कर की सुनहरी किरणें जल पर पड़ीं, तो श्रद्धालुओं की अपार भीड़ “जय छठी मइया” के जयघोष के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देने में लीन हो गई। घाटों पर दीपों की रोशनी, फूलों की सजावट और लोकगीतों की गूंज ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
छठव्रतियों ने जल में खड़े होकर दूध, जल और प्रसाद से अर्घ्य अर्पित किया। महिलाओं ने सिर पर सूप और डाला रखकर सूर्यदेव को प्रणाम किया और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर निमी बिहार और आसपास के इलाकों से आए श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंच गई।
सांस्कृतिक छठ पूजा समिति के संयोजक रवि कुमार सिंह ने बताया कि —
“छठ पर्व भारतीय लोकजीवन की आत्मा है। यह पर्व आस्था, एकता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। नयागांव और मिनी बिहार के लोग इस पर्व को अपनी संस्कृति और श्रद्धा के साथ मनाते हैं।”
उन्होंने कहा कि समिति द्वारा घाटों की सजावट, सुरक्षा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था के लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी नयागांव का छठ उत्सव एनसीआर क्षेत्र का सबसे भव्य आयोजन बन गया है।
बुधवार की प्रातः बेला में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महान लोकपर्व का समापन होगा। व्रतधारी महिलाएं उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पारण करेंगी और प्रसाद वितरण के साथ पर्व की पूर्णाहुति होगी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे —
बिजेंद्र मिश्रा, विनोद कुमार दुबे, हरीश शर्मा, जितेंद्र कुमार सिंह, नवीन सिंह, विकास दुबे, सुरेश यादव, शिवप्रताप मौर्य, सौरभ रंजन सिन्हा, सुजीत कुमार दुबे, विवेकानंद सिंह, कृष्ण कुमार राजपूत, कृपाल कुमार, बृज कुमार शुक्ल, अमित कुमार, लाल बहादुर, बृजेश कुमार यादव, पंकज सिंह, राकेश प्रकाश शुक्ल, जुगल किशोर, संतोष कुमार, रमेश राय, राहुल कुमार मिश्रा, अनिल कुमार सिंह, अमित कुमार पांडेय, विशाल दुबे, राहुल कुमार झा, कमलेश गुप्ता, उदम नगर और राहुल तिवारी सहित हजारों श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता।