
नोएडा से संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सलारपुर में रविवार को ठेले के विवाद को लेकर दो व्यक्तियों में कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजन शाह (27 वर्ष) पुत्र लालजी शाह, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर, थाना माझी, जनपद छपरा (बिहार) हाल निवासी किराए का मकान ग्राम सलारपुर, नोएडा के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक राजन शाह का पड़ोसी सुरेश (38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रमाधार मंडल, निवासी ग्राम हरनाई राइयणा, थाना चिरैया, जनपद मोतिहारी (बिहार) हाल निवासी ग्राम सलारपुर, के साथ ठेले को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर सुरेश ने गुस्से में आकर राजन पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल राजन को उसके भाई ने तत्काल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुँची और घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद करते हुए आरोपी सुरेश को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।