
नोएडा से संवाददाता — प्रमोद दीक्षित
नोएडा। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में तैयारियां चरम पर हैं। प्रवासी छठ पूजा समिति सेक्टर-110, नोएडा ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समिति का उद्देश्य है कि छठ महोत्सव पूरी श्रद्धा, स्वच्छता और शांति के साथ संपन्न हो।
समिति के अध्यक्ष जेपी मंडल ने बताया कि घाट पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को संस्था का सदस्य होना अनिवार्य है, जिससे व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखी जा सके। बिना पास के किसी भी व्यक्ति को घाट क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, समिति ने स्पष्ट किया है कि घाट पर जलनशील वस्तुएं, पटाखे या आतिशबाजी लाना सख्त मना है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
संरक्षक राकेश प्रसाद ने कहा कि छठ पर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक है। उन्होंने सभी व्रतियों से अपील की कि वे समिति द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करें और घाट परिसर की पवित्रता बनाए रखें।
पत्रकार प्रमोद दीक्षित के अनुसार, समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने घाट की सफाई, सजावट और सुरक्षा की तैयारियां पूरी गति से शुरू कर दी हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी समन्वय की प्रक्रिया चल रही है ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस बार छठ महोत्सव में प्रवासी समाज की एकता, संस्कृति और लोक आस्था का भव्य संगम देखने को मिलेगा। समिति ने जनता से अपील की है कि वे “छठ” की पवित्र भावना को बनाए रखते हुए मिलजुलकर इस आयोजन को सफल बनाएं।