NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT
गौतमबुद्ध नगर के जेवर में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जेवर मंडल इकाई द्वारा व्यापारी एवं कारोबारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों और उद्यमियों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याओं को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखा।

सम्मेलन का उद्देश्य क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल NCR के चेयरमैन डॉ पीयूष द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय जैन ने की। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेघा रूपम, ग्रेटर नोएडा डीसीपी डॉ प्रवीण रंजन सिंह तथा एसडीएम दुर्गेश सिंह मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान व्यापारियों एवं उद्यमियों ने क्षेत्र में व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से अधिकारियों के सामने रखा। जिलाधिकारी और डीसीपी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई मुद्दों पर मौके पर ही समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं कुछ अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। व्यापारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और व्यापारिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगा। कार्यक्रम में जिला महासचिव अमित अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, महासचिव राहुल भाटिया, सचिव सुनील वर्मा, डॉ जे एस बेदी, तनवीर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जेवर मंडल से अध्यक्ष संजय महेश्वरी, महासचिव कुलदीप पंडित, संरक्षक जैनेंद्र कुमार जैन, कोषाध्यक्ष अनिल गोयल और अंबर सिंगल सहित करीब 200 से अधिक व्यापारी एवं उद्यमी कार्यक्रम में शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन और व्यापार मंडल के इस संयुक्त प्रयास को सकारात्मक बताते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र में व्यापारिक माहौल और मजबूत बनेगा।
