
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा के मॉल ऑफ इंडिया में स्केचर्स की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘कम्युनिटी गोल चैलेंज’ में खेल, फिटनेस और सामाजिक भागीदारी का अनूठा मेल देखने को मिला। इस आयोजन में भारतीय फुटबॉलर सुनील छेत्री और अभिनेत्री अनन्या पांडे ने भी हिस्सा लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस पहल के तहत 10 हजार अंकों का सामूहिक लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य पूरा होने पर स्केचर्स जरूरतमंद युवाओं के लिए खेलों में इस्तेमाल होने वाले 100 जोड़ी जूते दान करेगा।स्केचर्स ने यह पहल कुटुंब फाउंडेशन के साथ कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत साझेदारी में आयोजित की। इसका उद्देश्य 18 से 30 वर्ष की आयु के वंचित और जरूरतमंद युवाओं तक खेल एवं फिटनेस के अवसर पहुंचाना है। जूतों का वितरण कुटुंब फाउंडेशन की ओर से चिन्हित पात्र लाभार्थियों के बीच किया जाएगा।चैलेंज में भाग लेने वालों के लिए एक किलोमीटर ट्रेडमिल पर दौड़ना अनिवार्य रखा गया था। इसके बाद प्रतिभागियों को क्रिकेट की ‘कैच एंड विन’ या फुटबॉल की ‘रिंग सॉकर’ गतिविधि में से कम से कम एक चुननी थी। प्रत्येक बार निर्धारित गतिविधियां पूरी करने पर सामूहिक लक्ष्य में अंक जुड़ते गए। इस तरह व्यक्तिगत भागीदारी को एक साझा सामाजिक उद्देश्य से जोड़ा गया।आयोजन का पहला दिन सामुदायिक चुनौती और खेल गतिविधियों के नाम रहा, जबकि दूसरे दिन सेलिब्रिटी फिनाले आयोजित किया गया। स्केचर्स के ब्रांड एंबेसडर सुनील छेत्री और अनन्या पांडे की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण दिया। दोनों ने फिटनेस और खेलों को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने के महत्व पर जोर दिया।स्केचर्स साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ एवं कंट्री मैनेजर राहुल वीरा ने कहा कि कंपनी उपभोक्ताओं से अपने जुड़ाव को उत्पादों तक सीमित नहीं रखना चाहती। ऐसे आयोजन लोगों को फिटनेस के साथ सामाजिक उद्देश्य के लिए एकजुट करते हैं। उनके अनुसार, प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी सामूहिक लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।अनन्या पांडे ने कहा कि कम्युनिटी गोल चैलेंज लोगों को सक्रिय रहने और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने का रोचक अवसर देता है। वहीं सुनील छेत्री ने खेलों को पारंपरिक मैदानों से आगे समुदायों तक पहुंचाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को खेलों में भाग लेने और उनका आनंद लेने के अवसर मिलना मजबूत खेल संस्कृति के निर्माण के लिए जरूरी है।इस पहल का प्रभाव आयोजन के बाद भी सामने लाने की योजना है। इसके तहत एक प्रभाव फिल्म तैयार की जाएगी, जिसमें लाभार्थियों को जूते मिलने और उनका इस्तेमाल करते हुए दिखाया जाएगा। इससे सामाजिक स्तर पर पहल के परिणामों को सामने लाने का प्रयास होगा।
