
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा (गौतमबुद्ध नगर)। सेक्टर-82 स्थित एकता कुंज रेजिडेंसी वेलफेयर सोसायटी, पॉकेट-12 के निवासी रितेश कुमार मिश्रा (मीटर संख्या 1094162000) ने बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत भेजकर बिजली बिल में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अप्रैल माह तक के सभी बिजली बिलों का भुगतान नियमित रूप से और पूर्णतया किया जा चुका है, इसके बावजूद विभाग की ओर से जारी बिल में ₹11,466 की बकाया राशि दर्शाई गई है।
रितेश कुमार मिश्रा के अनुसार, पहले उनके परिसर में प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू थी। अप्रैल माह के बाद उपभोक्ताओं को पोस्टपेड प्रणाली में स्थानांतरित कर दिया गया। उनका आरोप है कि इसी परिवर्तन के दौरान बिलिंग प्रक्रिया में त्रुटि हुई, जिसके कारण पहले से भुगतान की जा चुकी अवधि का बकाया दोबारा जोड़ दिया गया। इससे उनके बिजली बिल की राशि अचानक बढ़ गई।
उपभोक्ता का कहना है कि यदि अप्रैल तक का पूरा भुगतान पहले ही जमा किया जा चुका है, तो फिर ₹11,466 की बकाया राशि किस आधार पर दिखाई गई है। उन्होंने विभाग से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी देने और बिल की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि गलत बिल के कारण वे अनावश्यक आर्थिक बोझ का सामना कर रहे हैं और विवादित राशि का भुगतान करने में असमर्थ हैं।
शिकायत में उन्होंने कहा है कि यदि प्रीपेड से पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तन के दौरान इस प्रकार की त्रुटियां अन्य उपभोक्ताओं के साथ भी हुई हैं, तो यह गंभीर प्रशासनिक विषय है। ऐसे मामलों की व्यापक जांच कर वास्तविक बकाया निर्धारित किया जाना चाहिए ताकि किसी भी उपभोक्ता से गलत राशि की वसूली न हो।
रितेश कुमार मिश्रा ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि उनके बिजली बिल की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक बकाया राशि निर्धारित की जाए। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा बिलिंग संबंधी त्रुटि सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में अन्य उपभोक्ताओं को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
फिलहाल इस मामले में बिजली विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
