
नोएडा से संवाददाता : प्रमोद दीक्षित
नोएडा। सोमवार का दिन फ़र्स्टवन रिहैब फ़ाउंडेशन सेक्टर 70 के लिए ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा। फ़ाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुष्मिता भाटी ने भारत में फ़िज़ियोथेरेपी को एक सम्मानित पहचान दिलाने वाली अग्रणी हस्ती, आई.पी.एच. दिल्ली की प्रथम बैच की वरिष्ठ फिज़ियोथेरेपिस्ट और होली फ़ैमिली अस्पताल में चार दशक से अधिक समय तक सेवा देने वाली डॉ. सुनीता सूद से मुलाक़ात की।
इस आत्मीय भेंट के दौरान टीम ने न सिर्फ़ डॉ. सूद का आशीर्वाद लिया, बल्कि उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। यह सम्मेलन विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस (4–5 अक्टूबर 2025) के उपलक्ष्य में गाज़ियाबाद में फ़र्स्टवन रिहैब फ़ाउंडेशन और भागीरथ सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
फ़ाउंडेशन के विशेष बच्चों द्वारा तैयार की गई पत्रिका भी इस अवसर पर डॉ. सूद को भेंट की गई। पत्रिका बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उनकी सकारात्मक सोच का सजीव दस्तावेज़ है, जिसे देखकर डॉ. सूद ने प्रसन्नता और गर्व व्यक्त किया।
डॉ. सूद से हुई यह मुलाक़ात फ़ाउंडेशन टीम के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रही। उन्होंने कहा कि सच्ची सेवा वही है, जो न केवल शरीर को ठीक करे, बल्कि जीवन को नई दिशा भी दे। उनके संघर्ष, समर्पण और सेवा की भावना ने भारत में फ़िज़ियोथेरेपी की राह प्रशस्त की है।
फ़र्स्टवन टीम ने कहा कि वे डॉ. सूद के मार्गदर्शन को आदर्श मानते हुए समाज और विशेष बच्चों की सेवा में निरंतर आगे बढ़ेंगे। इस मुलाक़ात ने संस्था को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और एक बेहतर भविष्य की प्रेरणा दी है।