नोएडा | 11 सितम्बर 2025

नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अपने मोबाइल ऐप “NMRC टिकट” के ज़रिए दिल्ली मेट्रो (DMRC) नेटवर्क की क्यूआर कोड टिकट बुक करने की नई सुविधा शुरू की है।
इसी तरह दिल्ली मेट्रो का मोबाइल ऐप “दिल्ली मेट्रो सारथी” भी एनएमआरसी नेटवर्क के लिए टिकट जारी करेगा। अब यात्रियों के पास किसी एक मोबाइल ऐप से दोनों नेटवर्क की टिकट बुक करने का विकल्प होगा।
एप्लीकेशन से टिकट बुक करने पर संबंधित DMRC या NMRC स्टेशन के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड जनरेट होगा। इसके अलावा, ऐप में वैध टिकट की स्थिति जांचने की सुविधा भी होगी, जिससे यात्री यह देख पाएंगे कि टिकट इस्तेमाल हो चुका है या एक्सपायर हो गया है।
लोकेश एम, प्रबंध निदेशक (MD), NMRC का कहना है:
“इस पहल से यात्रियों को और सुविधा मिलेगी। उन्हें अब अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने की ज़रूरत नहीं होगी, बल्कि एक ही ऐप से नोएडा और दिल्ली मेट्रो का टिकट बुक किया जा सकेगा।”