
ग्रेटर नोएडा। क्षेत्र के डाढा गाँव के निवासी नीतीश भाटी ने कमर्शियल पायलट बनकर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। नीतीश ने 200 घंटे तक फ्लाइट उड़ाने का अनुभव हासिल कर इस उपलब्धि को प्राप्त किया है। उनकी सफलता से परिवार और पूरे गाँव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
नीतीश भाटी के पिता किसान रामवीर भाटी ने गर्व जताते हुए कहा कि “मेरे बेटे ने यह मुकाम हासिल कर हमारा और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। आज हर कोई उसे शुभकामनाएं दे रहा है।”
अपनी सफलता पर भावुक होते हुए नीतीश भाटी ने कहा, “मेरे दादाजी का सपना था कि उनका पोता पायलट बने। आज मैंने उनका सपना पूरा किया है। अगर वे आज जीवित होते तो बहुत खुश होते।”
इस उपलब्धि पर नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने नीतीश भाटी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गाँव के लोगों का कहना है कि नीतीश ने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य किया है। उनकी इस सफलता से डाढा गाँव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर उजागर हुआ है।