
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित।
नोएडा। सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और जीवन रक्षा के संकल्प के साथ इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा गौतमबुद्ध नगर ने “सेवा संकल्प अभियान-2026” के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोएडा में मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में थैलेसीमिया की रोकथाम एवं कैरियर स्क्रीनिंग के साथ सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैप्टन विकास गुप्ता, अध्यक्ष, कृषि अनुसंधान परिषद, उत्तर प्रदेश एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रहे। उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने वाले कौशल सीखने की जरूरत पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया जैसी आनुवंशिक बीमारी की रोकथाम के लिए जागरूकता के साथ कैरियर स्क्रीनिंग को व्यापक स्तर पर पहुंचाना जरूरी है। युवाओं और आम लोगों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराकर कई गंभीर परिस्थितियों से बचाव किया जा सकता है।थैलेसीमिया को लेकर युवाओं को किया जागरूककार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को थैलेसीमिया के कारण, इससे बचाव और कैरियर स्क्रीनिंग की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। प्रोफेसर सुनीता जेटली ने थैलेसीमिया से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की और जागरूकता को इसकी रोकथाम की दिशा में अहम कदम बताया।सीपीआर का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षणकार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सीपीआर प्रशिक्षण रहा। विशेषज्ञ डा. रेनु शुक्ला ने सीपीआर की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता किस प्रकार दी जा सकती है। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को ऐसी परिस्थितियों में तत्काल सहायता के लिए सक्षम बनाना रहा।कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर अनीता मिश्रा, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा से डॉक्टर पी.एस. जैन, संजय त्रिपाठी, चक्रधर मिश्रा, बी.पी. सिंह, गरिमा त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।रेड क्रॉस की जिला शाखा ने इस आयोजन के माध्यम से स्वास्थ्य जांच और जन-जागरूकता को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने तथा युवाओं को मानव सेवा और जीवन रक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
