
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा (गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश) व्यापारी नेता विपिन अग्रवाल ने नोएडा पुलिस पर बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें घर में नजरबंद (हाउस अरेस्ट) करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई के कारण वह अपने छह वर्षीय पोते के जन्मदिन समारोह में भी शामिल नहीं हो सके।विपिन अग्रवाल के अनुसार, 21 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे चार पुलिसकर्मी उनके सेक्टर-56 स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि पूरी रात पुलिसकर्मी उनके घर पर मौजूद रहे, जिससे वह मानसिक तनाव में रहे और सो नहीं सके। अगले दिन सुबह ड्यूटी बदलने के बाद भी अन्य पुलिसकर्मियों को उनके घर पर तैनात कर दिया गया और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया गया।उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने सेक्टर-58 थाना प्रभारी अमित तोमर से फोन पर संपर्क कर मुलाकात का अनुरोध किया, ताकि वह अपनी बात रख सकें। उनका आरोप है कि देर शाम तक न तो थाना प्रभारी उनसे मिलने पहुंचे और न ही उनका फोन रिसीव किया।विपिन अग्रवाल ने कहा कि 22 जुलाई को उनके छह वर्षीय पोते मनित अग्रवाल का जन्मदिन था। इस अवसर पर उन्होंने पहले से गार्डन गैलेरिया में शाम चार बजे के लिए पार्टी हॉल बुक कराया था, जहां रिश्तेदारों के पहुंचने की तैयारी थी। उनका दावा है कि पुलिस की कार्रवाई के चलते वह इस पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।व्यापारी नेता ने प्रदेश सरकार पर राजनीतिक विरोधियों और निर्दोष लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक गतिविधि नहीं है, इसके बावजूद उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
