नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

इंदौर में “भारतीय परिधान – हमारी पहचान, हमारी संस्कृति – हमारा सम्मान” विषय पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऋचा श्री सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी द्वारा प्रज्ञान गुरुकुलम् के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं को बढ़ावा देने का संदेश प्रमुखता से दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ज्योतिष एवं वास्तु विशेषज्ञ गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि उपस्थित रहे। उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में धीरज पाहुजा तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों में राजकुमार अग्रवाल, डॉ. प्रतीक श्रीवास्तव, दिलीप राजपाल और संगीता शर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। संस्था की अध्यक्ष ऋचा अग्रवाल और संस्थापक मनोज अग्रवाल ने अतिथियों का सम्मान कर स्वागत किया। अपने संबोधन में गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि ने भारतीय परिधान को हमारी संस्कृति और पहचान का प्रतीक बताते हुए इसे अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय वेशभूषा केवल पहनावा नहीं, बल्कि हमारी परंपरा और आत्मसम्मान का प्रतिबिंब है। उन्होंने पाश्चात्य प्रभाव पर चिंता जताते हुए भारतीयता को जीवनशैली में अपनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर “सनातन सेवा एप्प” का भी विमोचन किया गया। इसे समाज को जोड़ने और छोटे व मध्यम व्यवसायों को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त माध्यम बताया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक महिलाओं ने भारतीय परिधान में भाग लेकर संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का अभिनंदन किया गया। संस्था ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रहित में लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परिधान को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।