नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

गौतम बुद्ध नगर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी के चलते पैदा हो रहे संकट के बीच लघु उद्योग भारती (LUB) के पदाधिकारियों ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया। संगठन की पहल से कर्मचारियों के सामने उत्पन्न हो रही गंभीर परेशानी दूर हुई और उद्योगों में कामकाज सामान्य बनाए रखने में मदद मिली। हाल के दिनों में गैस सिलेंडर की कमी के कारण बड़ी संख्या में कर्मचारी परेशान थे। कई कर्मचारियों के सामने भोजन तक की समस्या खड़ी हो रही थी और वे अपने गांव लौटने को मजबूर हो रहे थे। इससे उद्योगों की उत्पादन प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही थी और नुकसान की स्थिति बन रही थी। ऐसे समय में लघु उद्योग भारती ने सक्रियता दिखाते हुए विशेष शिविर का आयोजन किया और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के सहयोग से 5 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडरों की व्यवस्था कर कर्मचारियों तक पहुंचाई। इस कदम से कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली और कामकाज में स्थिरता आई। जिला अध्यक्ष नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि संगठन का उद्देश्य उद्योगों और कर्मचारियों के बीच संतुलन बनाए रखना और हर संभव सहायता प्रदान करना है। वहीं, जिला महासचिव संजय बत्रा ने कहा कि आने वाले समय में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी कर्मचारी को आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। शिविर के दौरान अंकुर जैन, विवेक, अमित जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे और व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया। लघु उद्योग भारती की इस पहल को उद्योग जगत में सराहना मिल रही है। संगठन द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक और औद्योगिक कार्यों के चलते न केवल समस्याओं का समाधान हो रहा है, बल्कि उद्योगों के बीच एक सकारात्मक माहौल भी बन रहा है।