नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर इकाई ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कड़ा विरोध जताया है। पार्टी नेताओं ने नोएडा पुलिस से मांग की है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में महानगर अध्यक्ष आशय गुप्ता के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने नोएडा पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की टिप्पणी न केवल राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि समाज में सांप्रदायिकता फैलाने का भी प्रयास है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता डीसीपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इसके साथ ही रोड शो आयोजित करने की भी चेतावनी दी गई है। नेताओं का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं और समय रहते सख्त कदम उठाना जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की हरकत करने की हिम्मत न कर सके। फिलहाल, इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और अब सभी की नजर नोएडा पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।