
नोएडा से संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा के सेक्टर-49 स्थित एसएस हॉस्पिटल में महिला उन्नति संस्था द्वारा एक सराहनीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाओं और बच्चियों की सहायता के उद्देश्य से आयोजित किया गया, ताकि समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनके जीवन की रक्षा की जा सके।
महिला उन्नति संस्था की जिला अध्यक्ष रेनू बाला शर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष स्वीटी अग्रवाल के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में 100 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में विभिन्न जिलों में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नोएडा में आयोजित इस शिविर में स्वयं प्रदेश अध्यक्ष स्वीटी अग्रवाल सहित संस्था की कई सदस्यों ने आगे बढ़कर रक्तदान किया।
रेनू बाला शर्मा ने गौतमबुद्धनगर की सभी महिलाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे कई जरूरतमंद महिलाओं और बच्चियों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहभागिता से यह अभियान और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम के अंत में महिला उन्नति संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा इस पुनीत कार्य में योगदान देने के लिए धन्यवाद दिया गया।