
ग्रेटर नोएडा।
लघु उद्योगों को संगठित और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत यूपीएसआईडीए (UPSIDA) ने लघु उद्योग भारती को ग्रेटर नोएडा में स्थायी कार्यालय आवंटित किया है। साइट-बी स्थित सीएफसी भवन, सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूपीएसआईडीए के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा ने लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों को कार्यालय का आवंटन पत्र सौंपा।
यह आवंटन पत्र लघु उद्योग भारती, गौतम बुद्ध नगर के जिला महामंत्री संजय बत्रा तथा यूपीएसआईडीए चैप्टर, ग्रेटर नोएडा के सचिव सतीश सिंह को प्रदान किया गया। इस अवसर पर अनिल शर्मा ने लघु उद्योग भारती के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यालय उद्यमियों के लिए एक आधुनिक और सुविधायुक्त केंद्र के रूप में विकसित होना चाहिए, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिले।
जिला महामंत्री संजय बत्रा ने बताया कि कार्यालय के इंटीरियर और आवश्यक व्यवस्थाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, ताकि लंबे समय से प्रतीक्षित यह सुविधा जल्द से जल्द सदस्यों को उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि अपने कार्यालय के माध्यम से अब संगठन के सदस्य एक साथ बैठकर बैठकें कर सकेंगे और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं व सुझावों पर प्रभावी चर्चा संभव हो सकेगी।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने यूपीएसआईडीए प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के हित में मील का पत्थर साबित होगी और संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
संवाददाता: प्रमोद दीक्षित
मोबाइल: 9716248915