
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर की ओर से मंगलवार को सेक्टर–51 स्थित होशियारपुर बारात घर में आयोजित मासिक बैठक में अंबेडकर पुण्यतिथि और संगठनात्मक रणनीति दोनों ही मुख्य केंद्र में रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक न्याय की सोच पर चर्चा की।
बैठक में पार्टी के महानगर प्रभारी एवं पूर्व मंत्री रमेश प्रजापति ने उपस्थित बीएलए सदस्यों से उनकी प्रगति रिपोर्ट ली और उनकी चुनौतियों को विस्तार से सुना। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि एस.आई.आर प्रक्रिया को संगठित तरीके से पूरा करना पार्टी की प्राथमिकता है।
महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से अपने–अपने क्षेत्रों में अधिक मेहनत और समन्वय के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि एस.आई.आर से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत साझा की जाए ताकि समाधान तुरंत किया जा सके। बैठक का संचालन महानगर महासचिव विकास यादव ने किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और आने वाले दिनों की संगठनात्मक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।