
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। सेक्टर–4 स्थित सी–77 पर शनिवार को महानगर कांग्रेस कमेटी नोएडा द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और संविधान तथा सामाजिक समानता पर केंद्रित एक संक्षिप्त विचार–संगोष्ठी भी की।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी भारतीय लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव हैं। वरिष्ठ नेता फिरे सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संविधान की मूल भावना को कमजोर करने के हर प्रयास का शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीकों से विरोध किया जाएगा।
संगठन प्रभारी ललित अवाना ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के कमजोर वर्गों, मजदूरों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा को सर्वोच्च स्थान दिया, और कांग्रेस कार्यकर्ता भी उन्हीं मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में राजकुमार भारती, संजय तनेजा, डॉ. सीमा, कोमल मिश्रा, विकास पाल, पंकज बाल्मीकि, प्रवेश कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि यह दिवस केवल श्रद्धांजलि का नहीं, बल्कि संविधान की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प पुनः मजबूत करने का अवसर है।