
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। तीन दिनों तक चले भारत–नेपाल व्हीलचेयर बास्केटबॉल मुकाबलों का समापन शनिवार को नोएडा इनडोर स्टेडियम में हुआ, जहां नेपाल ने दोनों कैटेगरी में बढ़त बनाते हुए ट्रॉफी पर कब्ज़ा कर लिया। टूर्नामेंट के अंतिम दिन दर्शकों में उत्साह, खिलाड़ियों का जोश और खेलभावना का शानदार मिश्रण देखने को मिला।
समापन अवसर पर पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में खेल जगत, सामाजिक संगठनों और युवा नेतृत्व से जुड़े प्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया तथा दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को मजबूत कड़ी बताया।
फाइनल दिवस पर खेले गए दोनों निर्णायक मैचों में नेपाल ने रफ्तार और तालमेल की बदौलत जीत दर्ज की। 5×5 कैटेगरी में नेपाल की टीम ने मजबूत बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम किया, जबकि 3×3 मैच में भी खिलाड़ियों ने अनुशासन और रणनीति का प्रभावी प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार चुनौती पेश कर दर्शकों की प्रशंसा प्राप्त की।
युवा क्रांति सेना और डब्ल्यूबीएफआई द्वारा आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट भारत–नेपाल मित्रता को नई ऊँचाई देने के साथ-साथ समावेशी खेलों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। समापन समारोह में सामाजिक कार्यकर्ताओं, कोचों तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को और विशेष बना दिया।