
नोएडा इनडोर स्टेडियम में जारी यूनिटी कप 2025 – भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर बास्केटबॉल चैम्पियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों के दमदार खेल ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। युवा क्रांति सेना और डब्लूबीएफआई द्वारा आयोजित इस चैम्पियनशिप के दूसरे चरण की शुरुआत पद्मश्री एवं अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित डॉ. दीपा मलिक, पैरालिंपिक कमिटी ऑफ इंडिया के सलाहकार कैलाश शर्मा, युवा क्रांति सेना के सलाहकार लोकेश चौहान और अध्यक्ष अविनाश सिंह ने की।
डॉ. दीपा मलिक ने कहा कि भारत और नेपाल के खिलाड़ी जिस अनुशासन, ऊर्जा और खेलभावना के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, वह पूरे एशिया के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उनके अनुसार यूनिटी कप 2025 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच एकता, साहस और मैत्री का सशक्त प्रतीक है।
खेलों में आज 5×5 श्रेणी के मुकाबले में नेपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 60–47 से पराजित किया। वहीं 3×3 कैटेगरी में पहला मैच भारत ने 15–7 से जीता, जबकि दूसरे मैच में नेपाल ने 14–9 से जीत दर्ज कर बराबरी हासिल कर ली। इस तरह दोनों श्रेणियों में टीमें 1–1 की स्थिति पर पहुंच गई हैं।
कल चैम्पियनशिप का तीसरा और निर्णायक दिन होगा, जहां 5×5 और 3×3 दोनों वर्गों के अंतिम मैच खेले जाएंगे। इन्हीं मुकाबलों के आधार पर तय होगा कि यूनिटी कप 2025 की ट्रॉफी किस देश के नाम दर्ज होगी। कार्यक्रम में वरुण अहलावत, सत्यबाबू, अनीता अरोड़ा, अर्जुन प्रजापति, सुजीत केसरी, मोहित केसरी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।