
नोएडा। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ती हिंसा, हत्या और बलात्कार की घटनाओं को लेकर महिला उन्नति संस्था ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संस्था का कहना है कि इस तरह के अपराध समाजिक असंतुलन और कमजोर कानून-व्यवस्था दोनों को उजागर करते हैं।
संस्था की जिला अध्यक्ष गौतम बुद्ध नगर रेनू बाला शर्मा ने कहा कि हिंसा की शर्मनाक घटनाओं के लिए समाज और सिस्टम दोनों ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि जब तक समाज इन घटनाओं पर संवेदनशील नहीं होगा और कानून का क्रियान्वयन सख्ती से नहीं होगा, तब तक हालात में सुधार मुश्किल है।
संस्था ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने की अपील की है। संस्था का कहना है कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है।