
नोएडा, संवाददाता – प्रमोद दीक्षित
सलाम नमस्ते कम्युनिटी रेडियो ने जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित रेडियो श्रृंखला “स्वच्छ सुजल गाँव की कहानी, रेडियो की ज़ुबानी” का शुभारंभ किया है। यह श्रृंखला जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा समर्थित तथा कम्युनिटी रेडियो एसोसिएशन द्वारा निर्मित है। इसका उद्देश्य जल जीवन मिशन (हर घर जल) को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुँचाना और ग्रामीण समुदायों में स्वच्छता एवं पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के तहत कुल 10 एपिसोड प्रसारित किए जाएंगे, जिनमें स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल की उपयोगिता को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें रेडियो ड्रामा, लोककथाएँ, प्रेरक प्रसंग और समुदाय से जुड़े अनुभव शामिल होंगे। ड्रामा के मुख्य पात्र—स्वच्छिका, दूषिका और सुजल कुमार—के माध्यम से स्वच्छता और पानी की महत्ता को सहज रूप में बताया जाएगा।
स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि इस श्रृंखला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवहार और स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और स्वच्छ समुदाय का निर्माण तभी संभव है जब जागरूकता सीधे लोगों तक पहुँचे।
आईएमएस के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने इस पहल को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल पर केंद्रित यह श्रृंखला समाज को सकारात्मक दिशा देने का काम करेगी।
वहीं आईएमएस नोएडा के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि रेडियो आज भी समुदायों से जुड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है, और यह पहल ग्रामीण भारत में जल जीवन मिशन को मजबूत आधार प्रदान करेगी।
सलाम नमस्ते कम्युनिटी रेडियो ने इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, सुजल और जागरूक गाँव के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।