
नोएडा, सेक्टर 110 स्थित रामलीला मैदान में चल रहे 108 कुण्डीय भारत उत्कर्ष महायज्ञ में आज एक विशेष आध्यात्मिक दृश्य देखने को मिला। महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने यज्ञ स्थल पर उपस्थित सभी विद्वान आचार्यों, ब्रह्मचारियों और ऋत्विजों से मुलाकात कर उनके तप, साधना और ज्ञान के लिए गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने एक–एक विद्वान से संवाद करते हुए कहा कि आचार्य, विद्वान और ऋत्विज भारतीय संस्कृति के वास्तविक स्तंभ हैं, जिनकी तपस्या और ऊर्जा से ऐसा विराट आयोजन संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि भारत उत्कर्ष महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि विश्व शांति, सामूहिक चेतना और नैतिक उत्थान का संदेश समाज तक पहुँचाने का माध्यम है।
इस दौरान विद्वान आचार्यों ने कहा कि महर्षि महेश योगी के सिद्धांतों के अनुरूप ऐसे आयोजन समाज के आध्यात्मिक उत्थान के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने महायज्ञ की व्यवस्थाओं और संस्थान के प्रयासों की सराहना की।
श्रद्धालुओं ने अध्यक्ष और आचार्यों की इस मुलाकात को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इस संवाद ने पूरे आयोजन में विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा को और सशक्त किया है।
यह 10 दिवसीय महायज्ञ 25 नवंबर तक प्रतिदिन यज्ञ, वेदपाठ, ध्यान, सत्संग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा। प्रवेश निःशुल्क है।