
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा जागरूकता प्रदान करने के लिए आज विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभियान में महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकार और सरकारी योजनाओं पर विशेष जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में मिशन शक्ति टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं, मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली, पुलिस हेल्पलाइन नंबरों, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा और गुड टच–बैड टच जैसे विषयों पर विस्तार से जागरूकता बढ़ाई।
साइबर सुरक्षा टीम ने कंपनियों में जाकर कर्मचारियों को डिजिटल सुरक्षा, पासवर्ड प्रोटेक्शन, ऑनलाइन ठगी और फिशिंग से बचाव के उपाय बताए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर लोगों को त्वरित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला बीट पुलिस प्रतिदिन गांवों, कस्बों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं को जागरूक कर रही है और महिला संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु मार्गदर्शन प्रदान कर रही है। पुलिस द्वारा पम्पलेट वितरण कर हेल्पलाइन नंबरों का भी प्रसार किया जा रहा है।