
नोएडा संवाददाता : प्रमोद दीक्षित
नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ (आईएमएस) नोएडा में शुक्रवार को मेगा जॉब फेयर का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम एमसीसी-एनआईसीएस नोएडा और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें कुल 46 कंपनियों ने भागीदारी निभाई। रोजगार मेले में 88 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों के लगभग 600 छात्रों ने साक्षात्कार देकर अपने भविष्य को संवारने की कोशिश की।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एनआईसीएस के निदेशक डॉ. आकिब जावेद मौजूद रहे। उन्होंने भारत सरकार की नेशनल करियर सर्विस पोर्टल की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है, जो नौकरी चाहने वालों को नियोक्ताओं से जोड़ने के साथ-साथ करियर मार्गदर्शन, कौशल मूल्यांकन और देशभर की रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 30 लाख नौकरियों के अवसर उपलब्ध हैं, जिन पर युवा एनसीएस पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. जावेद ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इस योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये तक का प्रोत्साहन और नियोक्ताओं को 3,000 रुपये प्रतिमाह तक का लाभ दिया जा रहा है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि समय के साथ खुद को अपडेट रखना और डिजिटल कौशल विकसित करना बेहद जरूरी है।
मेगा जॉब फेयर का शुभारंभ आईएमएस नोएडा के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों को कुशल और प्रशिक्षित युवाओं की आवश्यकता है और ऐसे आयोजनों से छात्रों को अपनी क्षमताओं के अनुरूप अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ तभी सफल होगा जब देश का युवा इंडस्ट्री रेडी होगा। धवन ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अवसर हमेशा मौजूद रहते हैं, जरूरत सिर्फ सही कौशल और बदलती इंडस्ट्री की अपेक्षाओं को समझने की है।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अंशिका राजवंशी और डॉ. सचिन बत्रा ने बताया कि टेक महिंद्रा, सत्यम सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस, स्टेमरोबो टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, एचडीबी बैंक, बजाज कैपिटल, 3i इन्फोटेक, पेटीएम, एनआईआईटी, यस बैंक, एसबीआई, एलआईसी सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। बीबीए, बीसीए, एमबीए, बीटेक, मास कम्युनिकेशन, लॉ, बीए, बीएससी, बीकॉम, आईटीआई और डिप्लोमा के छात्रों को चयन का अवसर मिला।