
नोएडा संवाददाता — प्रमोद दीक्षित
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में बुधवार को ‘टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्मार्ट संस्था और जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, गौतमबुद्धनगर के संयुक्त सहयोग से सेहत सही लाभ कई स्वास्थ्य पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से जागरूक करते हुए समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करना था। सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड वर्षा छबारिया ने बताया कि अभियान के दौरान युवाओं को तंबाकू सेवन के नुकसान, नशा छोड़ने के उपाय और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। संवादात्मक सत्रों और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को तंबाकू-मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आईएमएस के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि तंबाकू किसी भी रूप में स्वास्थ्य, मानसिक क्षमता और सामाजिक परिवेश—तीनों के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा कि तंबाकू से दूर रहना केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है, और हर युवा को इस दिशा में संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में वक्तव्य देते हुए आईएमएस के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि तंबाकू का उपयोग परिवारों और समाज पर गहरा असर डालता है। युवाओं को समय रहते सही दिशा देना आवश्यक है, क्योंकि भविष्य का स्वस्थ भारत उन्हीं के हाथों में है।
जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. श्वेता खुराना ने ‘तंबाकू मुक्त भारत 3.0’ अभियान के तहत बताया कि तंबाकू में मौजूद निकोटिन सीधे मस्तिष्क को प्रभावित करता है, जिससे निर्णय-क्षमता और मानसिक संतुलन कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति गंभीर चुनौती है, और समय पर जागरूकता जरूरी है।