
नोएडा संवाददाता : प्रमोद दीक्षित, समय संदेश टाइम्स
नोएडा। महानगर कांग्रेस कमेटी नोएडा द्वारा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती सेक्टर-52 स्थित पार्टी कार्यालय में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया और देशहित में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने तथा संचालन संगठन मंत्री ललित अवाना ने किया।
श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए मुकेश यादव ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल नाम नहीं, बल्कि भारत की शक्ति, नेतृत्व और संकल्प की जीवंत प्रतिमूर्ति थीं। बैंकों का राष्ट्रीयकरण जैसे ऐतिहासिक निर्णय उनके दूरदर्शी नेतृत्व की मिसाल हैं।
जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष जावेद खान ने कहा कि इंदिरा जी ने देश की एकता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। वर्तमान परिस्थितियों में जब विभाजन की राजनीति बढ़ रही है, उनके विचार कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता कमजोर और वंचितों की आवाज़ बनने का संकल्प दोहराता है।
पार्टी सचिव मजहर हुसैन ने कहा कि इंदिरा गांधी साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रहित में कठोर निर्णय लेने की परंपरा की प्रतीक थीं। लोकतंत्र की रक्षा और आमजन की समस्याओं के समाधान में उनके आदर्श आज भी पथप्रदर्शक हैं।
उपाध्यक्ष डॉ. सीमा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि वे अन्याय और असमानता के विरुद्ध मजबूती से खड़े हों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करें।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता फिरे सिंह नागर, पवन शर्मा, लियाकत चौधरी, यतेन्द्र शर्मा, दयाशंकर पांडेय, वीरो देवी, सुल्तान बिधूड़ी, चांद मोहम्मद, वशिम खान, उर्मिला चौधरी, सतीश पंचाल, अरुण प्रधान सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।