
नोएडा। सेक्टर-40 में सखा एक पहल द्वारा संचालित श्रीमती विद्या देवी स्कूल फॉर क्रोशे एवं निटिंग की नई ब्रांच का भव्य उद्घाटन हुआ। समारोह का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री मदन चौहान, इन्फोसिस के वरिष्ठ निदेशक प्रभात डे, पैकर प्रोडक्ट्स के चेयरमैन अमित चौधरी, निटप्रो कंपनी की प्रतिनिधि मीनल जैन, सखा एक पहल की अध्यक्षा विभा चुघ, युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह और सलाहकार लोकेश चौहान ने संयुक्त रूप से किया।
यह नया केंद्र इन्फोसिस फाउंडेशन और युवा क्रांति सेना के सहयोग से स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रशिक्षित करना है।
मुख्य अतिथि मदन चौहान ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल विकल्प नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता की नींव है। उन्होंने कहा कि “मेक इन इंडिया” जैसे प्रयास भारतीय हस्तशिल्प को नई पहचान देते हैं।
प्रभात डे ने कहा कि इन्फोसिस फाउंडेशन हमेशा उन पहलों के साथ खड़ा है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सखा एक पहल की टीम ने उन मेहनती और आत्मनिर्भर महिलाओं को सम्मानित किया जिन्होंने अपने कौशल और समर्पण से इस पहल को नई दिशा दी है। मंच पर तालियों की गूंज और सम्मान समारोह ने उपस्थित महिलाओं में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ा दी।