
नोएडा संवाददाता: प्रमोद दीक्षित
नोएडा। किसानों की आवाज़ को नई धार देने और संगठन को जमीनी स्तर तक मज़बूत बनाने के उद्देश्य से किसान एकता महासंघ ने नोएडा में संगठन विस्तार किया।
बी.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, ग्राम निठारी में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक चौधरी बाली सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण पदों की घोषणा की गई।
बैठक में अविनाश सिंह को प्रदेश मीडिया प्रभारी, साधु मकवाना को नोएडा विधानसभा अध्यक्ष, बाबू प्रधान और गजराज चौधरी को जिला उपाध्यक्ष, ईश्वर कुमार को महानगर अध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ), मोनू राणा को विधानसभा महासचिव तथा संजय बैठा को विधानसभा उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
राष्ट्रीय संरक्षक चौधरी बाली सिंह ने कहा कि नई टीम के आने से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि किसान एकता महासंघ गाँव-गाँव जाकर किसानों के हक़ और सम्मान की लड़ाई को मज़बूती से आगे बढ़ाएगा।
नवनियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी अविनाश सिंह ने कहा कि संगठन अब सिर्फ बातों तक सीमित नहीं रहेगा।
“हम मैदान में उतरकर शहर और गाँव दोनों की समस्याओं पर आवाज़ उठाएंगे। चाहे अस्पतालों की लापरवाही हो या नोएडा की जर्जर सड़कें, जलभराव, प्रदूषण और ट्रैफिक की अव्यवस्था — किसान एकता महासंघ हर मोर्चे पर खड़ा रहेगा,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि ज़रूरत पड़ी तो ज्ञापन से लेकर जनआंदोलन तक का रास्ता अपनाया जाएगा।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना, प्रदेश प्रभारी पप्पू प्रधान, राजेश अम्बावता, बलजीत हवलदार, अमित नागर, महानगर अध्यक्ष जयप्रकाश चौहान, सोनू कसाना सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।