
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा, 27 अक्टूबर।
प्रवासी छठ पूजा समिति द्वारा सेक्टर-110 नोएडा में छठ महापर्व का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक भव्यता के साथ किया गया। समिति के अध्यक्ष जेपी मंडल और संरक्षक राकेश प्रसाद के नेतृत्व में यह आयोजन प्रवासी समाज की संस्कृति और एकता का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या एवं भजन संध्या में भोजपुरी लोकगायकों ने छठ मइया के भक्ति गीतों और लोकधुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मनमोहक झांकियों और आकर्षक सजावट ने पूरे स्थल को रोशनी और रंगों से जगमगा दिया।
इस अवसर पर पत्रकार सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। वन इंडिया न्यूज़ के संपादक विकास राज तिवारी की पहल पर मीडिया जगत के वरिष्ठ पत्रकारों — देवमणि, ए.के. लाल, प्रमोद दीक्षित — को मंच पर बुलाकर अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
तालियों की गूंज के बीच हुए इस सम्मान ने पूरे माहौल को गौरवमय बना दिया और मीडिया कर्मियों के योगदान को सराहा गया।
अध्यक्ष जेपी मंडल और संरक्षक राकेश प्रसाद ने कहा कि छठ महापर्व सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का पर्व है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, पत्रकारों और कलाकारों का आभार व्यक्त किया।
भक्ति, संगीत और सम्मान के संगम से सजा यह आयोजन नोएडा में छठ महापर्व की गरिमा और प्रवासी समाज की एकता का जीवंत प्रतीक बन गया।
