
सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में मंगलवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संस्थान परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने रोटरी नोएडा ब्लड सेंटर के लिए रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कुल 54 यूनिट रक्तदान किया। यह शिविर आईएमएस स्टूडेंट वेलफेयर कमिटी के सहयोग से संपन्न हुआ।
रक्तदान शिविर के दौरान आईएमएस नोएडा के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) विकास धवन ने स्वयं रक्तदान करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम और हमारे विद्यार्थी इस महादान में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पवित्र कार्य है जो हर व्यक्ति को नियमित रूप से करना चाहिए। अपने जीवन में रक्तदान कर हम अनेक लोगों की जान बचा सकते हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि सभी युवाओं को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. गोविंद प्रसाद गोयल ने कहा कि रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। हमारे रक्त से किसी की जिंदगी बच सकती है, इसलिए हमें पहल करते हुए स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि रक्तदान से शरीर में कमजोरी नहीं आती, बल्कि इससे शरीर में नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज होती है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।