
नोएडा। सेक्टर-82 स्थित पॉकेट-12 में चल रही श्रीराम कथा में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी नोएडा विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कथा व्यास अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी पंचमानंद जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और कथा श्रवण का सौभाग्य पाया।
बबलू चौहान को आयोजकों की ओर से विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। उन्होंने मंच पर पहुंचकर व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया और कथा आयोजकों का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “श्रीराम कथा जीवन में सद्भाव, प्रेम और सेवा की भावना को जागृत करती है। इस आयोजन में शामिल होकर आत्मिक शांति का अनुभव हुआ।”
बबलू चौहान ने आयोजकों के आमंत्रण एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी धार्मिक कथाएं समाज में भाईचारा और एकता को मजबूत करती हैं। उन्होंने बताया कि राजनीति से परे ऐसे आयोजन समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।
पत्रकार प्रमोद दीक्षित के अनुसार, बबलू चौहान का आगमन कथा स्थल पर एक सद्भावनापूर्ण वातावरण लेकर आया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी उनका स्वागत किया और उनके साथ भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। कथा व्यास श्री पंचमानंद जी महाराज ने भी बबलू चौहान को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कथा स्थल पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीराम के दिव्य चरित्र का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।