
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। किसी परिवार के लिए इससे बड़ी खुशी क्या होगी कि जिस बच्चे के मुंह से एक शब्द सुनने के लिए माता-पिता लंबे समय से इंतजार कर रहे हों, वही बच्चा एक दिन पहली बार ‘मम्मा’ या ‘पापा’ बोल दे। यह पल केवल एक शब्द का उच्चारण नहीं, बल्कि पूरे परिवार के लिए उम्मीद, धैर्य और भावनाओं से जुड़ी बड़ी उपलब्धि बन जाता है। कुछ ऐसे ही अनुभवों और खुशियों के बीच फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन में बाल दिवस एवं स्पीच थेरेपी दिवस मनाया गया।कार्यक्रम में बच्चों की भागीदारी, उनकी छोटी-छोटी उपलब्धियों और अभिभावकों के अनुभवों ने आयोजन को खास बना दिया। बच्चों ने केक काटकर उत्सव की शुरुआत की। परिसर में कहीं बच्चों की खिलखिलाहट सुनाई दी तो कहीं उनके प्रयासों पर तालियों के जरिए उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के संवाद कौशल, सीखने की क्षमता और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीजीएम की डॉ. भावना आनंद उपस्थित रहीं। फाउंडेशन की प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, चेयरमैन डॉ. महिपाल सिंह और स्पेशल एजुकेटर इलिका रावत ने भी बच्चों एवं उनके अभिभावकों का उत्साह बढ़ाया। सभी ने बच्चों की क्षमताओं को पहचानने, उन्हें पर्याप्त समय देने और उनकी प्रगति में परिवार की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।करीब 80 बच्चों को मिला परामर्शकार्यक्रम के दौरान स्पीच थेरेपिस्ट कृष्णा यादव ने लगभग 80 बच्चों का परामर्श किया। बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों को विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें होम प्रोग्राम के बारे में समझाया गया, ताकि थेरेपी सेंटर में मिलने वाले मार्गदर्शन के साथ घर पर भी बच्चों के अभ्यास का क्रम जारी रह सके।विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों के भाषा और संवाद कौशल के विकास में नियमित बातचीत, उनके साथ खेलना, कहानियां सुनाना और उनकी बातों को ध्यान से सुनना महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बच्चे की छोटी-सी प्रगति को भी प्रोत्साहन देना चाहिए, क्योंकि सकारात्मक माहौल उनके आत्मविश्वास को मजबूत करता है।मोबाइल स्क्रीन से ज्यादा जरूरी है माता-पिता का साथकार्यक्रम में बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम को लेकर भी चिंता जताई गई। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को लंबे समय तक मोबाइल और अन्य स्क्रीन के सामने रखने से बचें। कम उम्र में बच्चों को परिवार के साथ बातचीत, खेल और आसपास के लोगों से जुड़ने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।विशेषज्ञों के अनुसार, माता-पिता जब बच्चों से नियमित रूप से बातचीत करते हैं, उन्हें चीजों के नाम बताते हैं, सवाल पूछते हैं और उनकी प्रतिक्रियाओं का इंतजार करते हैं, तो इससे भाषा सीखने के अवसर बढ़ते हैं। इसलिए बच्चों के साथ बिताया गया समय उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।अभिभावकों की उम्मीदों को मिला मंचकार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि उनके बच्चे भी सामान्य रूप से अपनी बात कह सकें, दूसरे बच्चों के साथ खेल सकें और स्कूल में बेहतर तरीके से सीख सकें। बच्चों की प्रगति देखकर उनके चेहरों पर खुशी और भावुकता दोनों दिखाई दीं।कार्यक्रम के समापन पर बाल दिवस का केक काटा गया। बच्चों, अभिभावकों और फाउंडेशन के सदस्यों ने मिलकर खुशियां साझा कीं। फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन ने इस अवसर पर अपने संकल्प को दोहराया कि हर बच्चे को उसकी जरूरत के अनुसार मार्गदर्शन और सहयोग मिले, जिससे कोई भी बच्चा बोलने, समझने और सीखने की यात्रा में पीछे न रह जाए।समय संदेश टाइम्स – बदलते समय का संदेश
