
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे बसे गांवों और सेक्टरों को ई-सिटी बस सेवा से नहीं जोड़े जाने को लेकर ग्राम विकास संगठन नोएडा ने नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ नाराजगी जताई है। संगठन का आरोप है कि लंबे समय से मांग और अधिकारियों को ज्ञापन दिए जाने के बावजूद करीब 35 से 40 गांवों व सेक्टरों में अभी तक ई-सिटी बस सेवा शुरू नहीं की गई है। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि 17 जून 2026 को संगठन के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-6 स्थित कार्यालय में ओएसडी अरविंद कुमार सिंह और क्रांति शेखर को ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें एक्सप्रेसवे के आसपास के गांवों और संबंधित सेक्टरों को ई-सिटी बस सेवा से जोड़ने की मांग की गई थी।संगठन के अनुसार रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, सुलतानपुर, नंगली शाखपुर, नंगली नंगला, नंगली वाजिदपुर, छपरौली बांगर, दोस्तपुर मंगरौली, याकूतपुर, दल्लूपुरा, मोहियापुर, गुलावली, झट्टा, बादोली, कामबख्शपुर, कोंडली और गढ़ी समस्तीपुर समेत कई गांव तथा सेक्टर-126 से 135 और 151 से 168 के बीच के क्षेत्र ई-सिटी बस सेवा से जुड़े नहीं हैं।चार रूट बने, लेकिन प्रभावित क्षेत्र शामिल नहींअशोक चौहान का कहना है कि नोएडा में ई-सिटी बस सेवा के लिए तैयार किए गए चार रूटों में भी इन गांवों और सेक्टरों को शामिल नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आने वाले अन्य इलाकों में बस सेवा शुरू कर दी गई, लेकिन एक्सप्रेसवे के किनारे बसे गांवों और सेक्टरों को नजरअंदाज किया गया।उन्होंने कहा कि ग्रामीण पिछले करीब एक दशक से ग्राम चौपाल और ‘नोएडा आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सिटी बस सेवा की मांग उठाते रहे हैं। अब जब शहर में ई-सिटी बस सेवा शुरू हो चुकी है, तब भी इन क्षेत्रों को सुविधा से बाहर रखा जाना ग्रामीणों के साथ भेदभाव जैसा है।अधिकारियों ने भेजा था पत्र, फिर भी नहीं शुरू हुई सेवासंगठन के मुताबिक 17 जून को ज्ञापन दिए जाने के बाद ओएसडी अरविंद कुमार सिंह और क्रांति शेखर ने समस्या को सुनते हुए महाप्रबंधक सिविल एसपी सिंह को पत्र भेजकर संबंधित गांवों और सेक्टरों को ई-सिटी बस सेवा से जोड़ने की कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उस समय जल्द सेवा शुरू किए जाने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन संगठन का कहना है कि अब तक जमीनी स्तर पर इसका लाभ नहीं मिला है।महिलाओं को मुफ्त यात्रा की घोषणा से बढ़ी उम्मीदअशोक चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं, उनके साथ एक साथी तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश बस सेवा और ई-सिटी बस सेवा में मुफ्त यात्रा की घोषणा की गई है। ऐसे में जिन गांवों और सेक्टरों में ई-सिटी बस सेवा ही उपलब्ध नहीं है, वहां रहने वाली महिलाओं को इस सुविधा का वास्तविक लाभ मिलने में परेशानी होगी।उन्होंने कहा कि सरकार की योजना का लाभ तभी सभी पात्र लोगों तक पहुंच सकता है, जब नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे बसे सभी गांवों और संबंधित सेक्टरों को ई-सिटी बस नेटवर्क से जोड़ा जाए। संगठन ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि लंबित मांग पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी चिन्हित गांवों और सेक्टरों में ई-सिटी बस सेवा शुरू की जाए।
