
नोएडा संवाददाता — प्रमोद दीक्षित
महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को मज़बूत करने के उद्देश्य से महिला उन्नति संस्था का एक प्रतिनिधिमंडल आज सेक्टर-108 स्थित कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (महिला एवं बाल सुरक्षा) मनीषा सिंह से मिला।
जिलाध्यक्ष रेनू बाला शर्मा ने बताया कि मुलाक़ात के दौरान जनपद में महिला सुरक्षा से संबंधित मौजूदा स्थिति, थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली तथा त्वरित सहायता तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि महिला सुरक्षा नोएडा कमिश्नरेट की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और हेल्प डेस्क 24×7 उपलब्ध हैं।
जिला प्रभारी सीमा रावत ने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार भाटी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज प्रतिनिधिमंडल द्वारा सम्मान प्रतीक चिन्ह भेंट कर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर नोएडा महानगर अध्यक्ष रितु भारद्वाज भी उपस्थित रहीं।