
नोएडा संवाददाता: प्रमोद दीक्षित
नोएडा: उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक कला को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से नोएडा स्टेडियम में 15वां उत्तराखंड महाकौथिग मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक सात दिवसीय रूप में चलेगा, जिसमें राज्य के विभिन्न अंचलों की लोक-संस्कृति, परंपरा, संगीत, नृत्य और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिलेगी।
आयोजक राजेंद्र चौहान ने बताया कि महाकौथिग मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। मेला में लोकनृत्य, लोकगीत, जागर, पारंपरिक वाद्ययंत्र और पारंपरिक व्यंजनों की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
संस्था अध्यक्ष हरीश असवाल ने कहा कि इस बार महाकौथिग के मुख्य मंच को उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम मंदिर की थीम पर सजाया गया है। मेला में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। पिछले वर्ष की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार मेले की अवधि बढ़ाकर सात दिन कर दी गई है।
संस्था के चेयरमैन आदित्य घिल्डियाल ने बताया कि इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी शामिल होंगे। मेले का शुभारंभ 19 दिसंबर को सुबह हवन और पूजा के साथ होगा।
मेला में पद्मश्री डॉ. प्रीतम भरतवाण, लोक गायक विवेक नौटियाल, दीपा नागरकोटि, राकेश खनवाल, लोक गायक किशन महिपाल, रेशमा शाह, कैलाश कुमार, ललित फौजी, अमित सागर, मेघना चंद्रा, सरिता पौडेल, अजय ढौंडियाल, दीवान कनवाल, मंगलेश डंगवाल, गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी, कल्पना चौहान, हेमा भैसोड़ा और रोहित चौहान की प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण होगी।
खाने-पीने के शौकीनों के लिए मेले में 30 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें मंड़वे की रोटी, झंगुरे की खीर, अरसा, चैसोणी, कंडाली का साग, बाल मिठाई और अन्य पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।
संपर्क: समय संदेश टाइम्स
संवाददाता: प्रमोद दीक्षित
मोबाइल: 9716248915