नई दिल्ली। संवाददाता – प्रमोद दीक्षित, उप संपादक
कमानी ऑडिटोरियम में कला कल्प सांस्कृतिक संस्थान द्वारा आयोजित ओडिसी नृत्य प्रस्तुति ‘राधे राधे’ ने दर्शकों को भक्ति, प्रेम और समर्पण की अद्भुत अनुभूति से भर दिया।
कार्यक्रम में संस्थान की संचालिका एवं प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना डॉ. अतासी मिश्रा की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का हृदय जीत लिया। उन्होंने राधा-कृष्ण के दिव्य मिलन, वियोग और समर्पण के भावों को इतनी सुंदरता से मंच पर साकार किया कि पूरा सभागार भक्ति के रंग में डूब गया।
इस प्रस्तुति का निर्देशन गुरु डॉ. गजेन्द्र कुमार पांडा और पद्मश्री दातुक रामली इब्राहिम ने किया, जबकि संगीत रचना गुरु गोपाल चन्द्र पांडा, पंडित लक्ष्मीकांत पाटिल और संगीता पांडा की थी। ताल और नाद का संयोजन गुरु सच्चिदानंद दास ने किया तथा रूपांतरण डॉ. श्यांतनु रथ द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में सूत्रा फाउंडेशन मलेशिया ने कला कल्प संस्थान दिल्ली के साथ मिलकर प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि के रूप में भारत में मलेशिया के हाई कमिश्नर दातो मुज़फ़्फ़र शाह मुस्तफ़ा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मोहित माधव (उपाध्यक्ष, कला कल्प संस्थान), के.जी. सुरेश (निदेशक, इंडिया हैबिटेट सेंटर), डॉ. के. अनिल कुमार (विभागाध्यक्ष, आईजीएनसीए), रवींद्रनाथ प्रधान (सचिव, जगन्नाथ मंदिर हुजखास), परवेज हयात (पूर्व पुलिस महानिदेशक), गोबर्धन ढाल (निदेशक, ओडिया महामंच) और निर्मल वैद (परिधि आर्ट ग्रुप) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह प्रस्तुति ओडिसी नृत्य की शुद्धता, लय और भावनाओं की कोमलता का सुंदर संगम बनकर दर्शकों के हृदय में अमिट छाप छोड़ गई।
