
नोएडा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने मंगलवार को सेक्टर-70 स्थित फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन का दौरा किया। मंत्री बी.एल. वर्मा ने फाउंडेशन के विशेष बच्चों द्वारा बनाए गए सुंदर दीयों और मोमबत्तियों को देखकर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की और उनकी प्रतिभा की खुलकर सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास समाज को संवेदनशील बनाते हैं और बच्चों में आत्मविश्वास जगाने का कार्य करते हैं। उन्होंने फाउंडेशन टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
फाउंडेशन की सेंटर मैनेजर सुरभि जैन ने बताया कि यह गतिविधि केवल व्यावसायिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के लिए खुशी और आत्म-अभिव्यक्ति का माध्यम भी है। दीये और मोमबत्तियाँ बनाते समय बच्चे अपनी सूक्ष्म मोटर क्षमताओं को विकसित करते हैं और उनमें सहयोग, धैर्य तथा आनंद की भावना पनपती है।
समाजसेवी डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल इन विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हैं, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने बताया कि यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है और ऐसी संस्थाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी को योगदान देना चाहिए।
प्रमोद दीक्षित के अनुसार, ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ “समानता और सम्मान” की भावना को भी मजबूत करते हैं। डॉ. महिपाल सिंह जैसे समर्पित व्यक्तित्वों का योगदान इन बच्चों के जीवन में नई ऊर्जा और दिशा प्रदान कर रहा है।