नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा “बदलते दौर में मीडिया” विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मीडिया के बदलते स्वरूप, तकनीकी नवाचार और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला के पहले दिन इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (आईआईएमसी) दिल्ली के स्ट्रेटेजिक कम्युनिकेशन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर प्रमोद कुमार ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता तेजी से बदल रही है और छात्रों को इस बदलाव के अनुरूप खुद को ढालना होगा। उन्होंने छात्रों को नई सोच के साथ बदलाव आधारित पत्रकारिता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
दूसरे दिन आईआईएमसी के पूर्व प्रोफेसर एवं उत्तराखंड सरकार के मीडिया सलाहकार प्रोफेसर गोविंद सिंह ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए पत्रकारिता में तकनीकी बदलावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विभिन्न टूल्स को सीखने की सलाह दी और बताया कि भविष्य में मीडिया क्षेत्र में एआई की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है। साथ ही उन्होंने छात्रों को पॉलिटिकल कम्युनिकेशन और जनसंपर्क के क्षेत्र में करियर की संभावनाएं तलाशने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) सचिन बत्रा ने कहा कि आज के समय में मीडिया क्षेत्र तकनीकी रूप से तेजी से बदल रहा है। एआई के आने से खबरों के लेखन, संपादन, ग्राफिक्स और एनीमेशन में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे एआई से जुड़े जरूरी सॉफ्टवेयर और टूल्स पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने बताया कि इन्हीं बदलावों को ध्यान में रखते हुए संस्थान द्वारा “सॉल्यूशन जर्नलिज्म” और “चेंजिंग डायनामिक्स ऑफ मीडिया” विषय पर इस कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिससे छात्रों को भविष्य के मीडिया परिदृश्य के लिए तैयार किया जा सके।
कार्यशाला में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से संवाद कर अपने ज्ञान को समृद्ध किया।