
नोएडा संवाददाता – प्रमोद दीक्षित, समय संदेश टाइम्स
नोएडा। समाज और सिस्टम से जुड़े अत्यंत संवेदनशील मुद्दे को बड़े पर्दे पर लाने वाली हिंदी फ़िल्म “शेल्टर होम” अगले सप्ताह देशभर में रिलीज़ होने जा रही है। इसी क्रम में फ़िल्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस बृहस्पतिवार को नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित की गई। कार्यक्रम में फ़िल्म के निर्देशक कुमार नीरज सहित कई कलाकार और गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
फ़िल्म की विशेषता यह है कि इसमें अनिल कुमार यादव, एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज, वाराणसी तथा दीपक शर्मा, ए.एस.पी., तिहाड़ जेल, भी अहम भूमिकाएँ निभाते नज़र आएंगे। दोनों अधिकारियों ने कहा कि समाज की जमीनी हकीकत और संवेदनशील पहलुओं को सिनेमा में दिखाना समय की आवश्यकता है, और निर्देशक ने इसे साहसपूर्वक प्रस्तुत किया है।
28 नवंबर को रिलीज़, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना
निर्देशक कुमार नीरज ने बताया कि फ़िल्म 28 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। पोस्टर और ट्रेलर जारी होने के बाद से ही फ़िल्म सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
फ़िल्म का कैमरावर्क गदर फ़ेम नजीब खान ने किया है, जबकि कोरियोग्राफी प्रसिद्ध निर्देशक गणेश आचार्य ने संभाली है।
मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड से प्रेरित
फ़िल्म की कहानी बिहार के चर्चित मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड से प्रेरित है। इस संवेदनशील विषय पर बनी फ़िल्म को ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में भी प्रदर्शित किया जा चुका है, जहाँ इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई।
महिला निर्माताओं की मजबूत टीम
फ़िल्म का निर्माण चार महिला निर्माताओं—
वैशाली देव, बीना शाह, मुन्नी सिंह और खुशबू सिंह—द्वारा किया गया है।
फ़िल्म में राजवीर सिंह, अक्षय वर्मा, नाजनीन पटनी, निशाद राज राणा, उरजान इच्छापोरिया, दिव्या त्यागी, अनामिका पांडे, शनीशा मौर्या, आशीष सिंह चौहान, जे.पी. शुक्ला, सहित कई कलाकार अभिनय करते दिखाई देंगे।