नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 के आगमन की पूर्व संध्या पर भारतीय पर्व आयोजन समिति, नोएडा द्वारा महाराजा अग्रसेन भवन में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुन्दरकाण्ड पाठ के साथ समाज के वरिष्ठजनों को सम्मानित कर उन्हें विशेष सम्मान दिया गया।
अग्रवाल मित्र मंडल, नोएडा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में श्री गिरिराज सेवा समिति के हरीश बंसल कैलाशी एवं उनके साथियों ने भावपूर्ण सुन्दरकाण्ड पाठ प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान श्री हनुमान जी की सिन्दूर अर्पण करती झांकी आकर्षण का केंद्र रही, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
सुन्दरकाण्ड पाठ के उपरांत तिथि पत्रिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विमला बाथम (पूर्व विधायक एवं पूर्व अध्यक्ष, महिला आयोग उत्तर प्रदेश) तथा कैप्टन विकास गुप्ता (अध्यक्ष, कृषि विकास संस्थान उत्तर प्रदेश) को संस्था के संरक्षक सुधीर मित्तल द्वारा सम्मानित किया गया।
इसके बाद समाज के 85 वर्ष से अधिक आयु के 14 वरिष्ठजनों को मंच पर आमंत्रित कर अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में 94 वर्षीय ओ.पी. गोयल, 91 वर्षीय श्याम लाल राजवंशी, आर.एन. गुप्ता, बी.एन. चोपड़ा, आर.सी. मित्तल, मिथलेश गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठजन शामिल रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के संरक्षक सुधीर कुमार मित्तल, महासचिव डी.के. सिंघल, उपाध्यक्ष डी.के. मित्तल, सचिव रामनिवास बंसल, अग्रवाल मित्र मंडल के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, संजय गोयल समेत अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम संयोजक एवं सह-सचिव विपिन अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए नववर्ष के स्वागत को विशेष बना दिया।